नई टिहरी, 15 अक्टूबर 2026।
राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज, बौराड़ी, नई टिहरी में आज भारत रत्न एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश मीडिया संयोजक एवं जिला प्रभारी टिहरी गढ़वाल सरदार सुरेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सरदार सुरेन्द्र सिंह ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, समर्पण, अनुशासन, शिक्षा और देशभक्ति की अद्भुत मिसाल है। एक साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम ने यह साबित किया कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और शिक्षा के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
सरदार सुरेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे डॉ. कलाम के पदचिह्नों पर चलते हुए अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें, गुरुजनों का सम्मान करें तथा अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग देश एवं समाज की सेवा के लिए करें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत के भविष्य निर्माता हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी अपनानी चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अवतार सिंह राणा ने भी विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के प्रेरणादायी जीवन से सीख लेने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
भाषण प्रतियोगिता में राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज, बौराड़ी के आदित्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बौराड़ी की काजल ने द्वितीय तथा आरजू ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज के हिमांशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बौराड़ी की खुशी द्वितीय तथा नवनीत तृतीय स्थान पर रहे।
मुख्य अतिथि सरदार सुरेन्द्र सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अवतार सिंह राणा एवं पीटीए अध्यक्ष श्री तौफ़ीक़ अहमद ने प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष श्री तौफ़ीक़ अहमद द्वारा छह प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं—समर आर्य, तनवीर अहमद, नकुल, आरुषि, समृद्धि एवं आराधना—को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पीटीए अध्यक्ष श्री तौफ़ीक़ अहमद, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री श्री अरशद आलम, श्री असगर अली, मोहम्मद तस्सबुर एवं खुर्शीद अहमद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज असवाल ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण मदन सेमवाल, रविंद्र डोभाल, योगेन्द्र बाबू चौधरी, सुरेंद्र सजवान, महावीर राणा, दरमियान पंवार, चंदन रावत, आशा राणा, वंदना नौटियाल, अर्चना पाल, मीना सकलानी, रोशनी नेगी, नेहा राणा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के विचारों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शिक्षा के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करने तथा महान वैज्ञानिक डॉ. कलाम के आदर्शों को अपनाने के संदेश के साथ हुआ।




No comments:
Post a Comment